अंडर-19 छात्र खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शनिवार को एक साथ छह शिक्षा खंडों में शुरू हुई। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जिलेभर के 128 स्कूलों से 1,708 छात्र खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में वॉलीबाल,कबड्डी और बैडमिंटन के मुकाबले होंगे।शिक्षा खंड भोरंज के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लदरौर में प्रतियोगिता का शुभारंभ भोरंज विधायक सुरेश कुमार ने खिलाड़ियों की मार्चपास्ट की सलामी लेकर किया। विधायक ने स्कूल के खेल मैदान के साथ डंगे के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की पहली किस्त और स्टेज की छत के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने पुराने भवन को डिस्मेंटल कर नए भवन के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को प्राक्कलन तैयार करने के आदेश दिए। इस दौरान जिला क्रीड़ा संघ की ओर से उच्च शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा,सहायक खेल शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा और प्रधानाचार्य रीता कुमारी मौजूद रहीं।भोरंज खंड की प्रतियोगिता में 24 स्कूलों के 315 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन कबड्डी में खरवाड़ ने आर्यन पब्लिक स्कूल भोटा को 42-27 के अंतर से पराजित कर पहला मैच जीता। इसी तरह वॉलीबाल में भोरंज ने जॉली पब्लिक स्कूल जाहू को 2-0 से हराया। बैडमिंटन के मुकाबले में जाहू स्कूल ने शांति निकेतन पब्लिक स्कूल भरेड़ी को पराजित कर पहली जीत दर्ज की। हमीरपुर ब्लॉक की प्रतियोगिता कुठेड़ा स्कूल में शुरू हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ ब्लॉक कांग्रेस सुजानपुर के अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा ने किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 20 स्कूलों के 360 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन वॉलीबाल में ब्लू स्टार स्कूल ने द मैगनेट स्कूल, कबड्डी में हमीरपुर स्कूल ने मटाहणी को 42-12 और बैडमिंटन में झगड़ियाणी स्कूल ने हमीरपुर पब्लिक स्कूल को हराया। इस मौके पर प्रधानाचार्य राजेश बनोट, समन्वयक प्रवीण पठानिया आदि मौजूद रहे। इसी तरह सुजानपुर और टौणी देवी ब्लॉक की प्रतियोगिता जंगल बैरी स्कूल में शुरू हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और इस तरह का सहयोग बच्चों का मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रतियोगिता में 28 स्कूलों के 314 विद्यार्थी विभिन्न खेलों में अपना दमखम दिखा रहे हैं। वहीं, बिझड़ी ब्लॉक की प्रतियोगिता रैली जजरी स्कूल में शुरू हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ कांग्रेस नेता सुभाष ढटवालिया ने किया। प्रतियोगिता में 33 स्कूलों के 422 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।इसी प्रकार नादौन ब्लॉक की प्रतियोगिता कांगू स्कूल में शुरू हुई। प्रतियोगिता में 23 स्कूलों के 297 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।