जाहू (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाहू में बुधवार को दो दिवसीय खंड स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस शुरू हुई। दो दिवसीय सम्मेलन में भोरंज शिक्षा खंड के 80 स्कूलों के 574 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में विद्यार्थी विज्ञान मॉडल, प्रश्नोत्तरी और गणित ओलंपियाड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सम्मेलन के शुभारंभ पर कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि, ग्रामीण एवं भूमि विकास बैंक के चेयरमैन रामचंद्र पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि नवाचार के माध्यम से देश और प्रदेश की प्रगति में योगदान दिया जा सकता है। विद्यार्थियों को बाल विज्ञान कांग्रेस में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिला स्तर के लिए चयनित होने का प्रयास करना चाहिए।जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम और प्रधानाचार्य सुनीता शर्मा ने भी विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा दो दिवसीय खंड स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थी विज्ञान प्रश्नोत्तरी, विज्ञान परियोजना रिपोर्ट,गणित ओलंपियाड,विज्ञान गतिविधि कॉर्नर और विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में भाग लेंगे।इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस महासचिव मुकेश बन्याल, सुभाष जैलदार, जाहू पंचायत प्रधान चमन लाल काकू सहित अन्य मौजूद रहे।