बिझड़ी(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के तहत बिझड़ी बाजार में यातायात जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन और टैक्सी यूनियनों ने टैक्सियों की पार्किंग के स्थान निर्धारित किए हैं। शुक्रवार को अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और टैक्सी यूनियनों के प्रतिनिधियों ने बाजार का निरीक्षण किया। इसके बाद टैक्सियों को अलग-अलग स्थानों पर खड़ा करने का निर्णय लिया। निरीक्षण के दौरान जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी पवन कालिया, प्रधान संजय शर्मा, एसडीएम बड़सर, तहसीलदार बिझड़ी, एसडीओ बिझड़ी और टैक्सी यूनियनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बाजार में वाहनों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने और सड़क पर अनावश्यक जाम की स्थिति से बचने के लिए पार्किंग व्यवस्था पर चर्चा की। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, दो टैक्सियां कुआं चौक और तीन टैक्सियां बाजार में सोसायटी के पास खड़ी होंगी। अन्य टैक्सियों के लिए तहसील चौक के समीप स्थान चिह्नित किया है। जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी पवन कालिया ने कहा कि बाजार में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए टैक्सियों की पार्किंग के स्थान निर्धारित करना जरूरी था। प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और टैक्सी यूनियनों के आपसी सहयोग से समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया गया है। इस दौरान टैक्सी यूनियनों के प्रधानों सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।