जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी में छठी कक्षा की 80 सीटों के लिए शनिवार को आयोजित प्रवेश परीक्षा में जिला भर के नौ परीक्षा केंद्रों पर 2220 विद्यार्थियों ने भाग लिया जबकि 430 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के लिए कुल 2650 विद्यार्थियों को कॉल लेटर जारी किए थे। इस तरह करीब 84 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। प्रवेश परीक्षा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह रहा और वे सुबह 9:30 बजे से ही अभिभावकों के साथ परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भी चहल-पहल रही। जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुजानपुर और पीएम श्री शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं। प्रधानाचार्य विक्रम सिंह ने कहा कि परीक्षा परिणाम मार्च में घोषित होने की संभावना है, ताकि चयनित विद्यार्थियों को अप्रैल में छठी कक्षा में प्रवेश दिया जा सके।