प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में रविवार को हजारों श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। पंजाब, हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर माता के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। रविवार को छुट्टी होने के चलते मंदिर में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए मंदिर प्रशासन एवं सुरक्षा कर्मी तैनात रहे। मंदिर में गूंजते जय माता दी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की।