बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम (एसडीटी) ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धराड़सानी फोरलेन सड़क पर एक कार से 151.33 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने कार में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी पंजाब के अमृतसर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार एसडीटी बिलासपुर ने धराड़सानी फोरलेन सड़क पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पंजाब नंबर की एक कार को जांच के लिए रोका गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार तीन व्यक्तियों के कब्जे से 151.33 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान जितेंद्र सिंह (40), जोवन जीत सिंह (25), और गुरचंट सिंह (32) सभी निवासी न्यू कृपा नगर, नारायणगढ़ अमृतसर के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस थाना झंडूता में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने कहा कि पुलिस आरोपियों से बरामद नशे के स्रोत के साथ इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहनता से जांच कर रही है। नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाकर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।