स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में विद्यार्थियों की समस्याओं और आधारभूत सुविधाओं की कमी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की घुमारवीं इकाई ने मंगलवार को प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने महाविद्यालय में सुविधाओं को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को पेश आ रही समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग उठाई। इसके लिए प्राचार्य के समक्ष नौ सूत्रीय मांगपत्र रखा गया। एबीवीपी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आयुष भारद्वाज ने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्र हितों के लिए कार्य करने वाला विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में लंबे समय से आधारभूत सुविधाओं की कमी के कारण विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिषद ने इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कॉलेज प्रशासन से जरूरी सुधार करने का आग्रह किया है। ज्ञापन में महाविद्यालय की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के साथ शौचालयों में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। परिषद ने बंद पड़े वाटर कूलरों को जल्द चालू करवाने और उनकी नियमित सफाई करवाने का मुद्दा भी उठाया, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सके। एबीवीपी ने महाविद्यालय परिसर में खुली पड़ी बिजली की तारों और बिजली बोर्डों को ठीक करवाने की मांग की। परिषद का कहना है कि बिजली से जुड़े ऐसे मामलों पर ध्यान देना जरूरी है, ताकि परिसर में सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा विद्यार्थियों को जरूरी सूचनाएं समय पर उपलब्ध करवाने के लिए नोटिस बोर्डों को दुरुस्त करने का आग्रह भी किया गया। परिषद ने कॉलेज प्रशासन से मांगपत्र में उठाए गए मुद्दों पर जल्द कार्रवाई करने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।