झंडूता उपमंडल में 'एक से श्रेष्ठ' कार्यक्रम के तहत भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इसमें उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बच्चों और अध्यापकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में एक से श्रेष्ठ के तहत संचालित 96 केंद्रों से जुड़े बच्चे शामिल हुए। समारोह में सांसद अनुराग ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने और अध्यापकों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से 10 अध्यापकों को लैपटॉप वितरित किए गए। वहीं, करीब 1350 बच्चों को स्कूल बैग भी दिए गए। लैपटॉप मिलने से अध्यापक आधुनिक तकनीक के माध्यम से बच्चों को शिक्षा प्रदान कर सकेंगे, जबकि स्कूल बैग से बच्चों को पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री रखने में सुविधा मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। उन्होंने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह में बच्चों और अध्यापकों में खासा उत्साह देखने को मिला।