भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा है कि सीईटी के लिए आवेदन करने से युवा वंचित न रहे, इसका सरकार पूरा ध्यान रख रही है। तकनीकी खामियों को देखते हुए आवेदन की समय सीमा दो दिन बढ़ा दी गई थी। वे शनिवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में भाग लेने के बाद मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि 11 वर्षों में देश को सशक्त और आत्म निर्भर बनाया गया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी आर्थिक शक्ति बन गया है। ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान में पल रहे आतंकियों और उनके ठिकानों को माटी में मिलाया। प्रदेश के अंदर भी 11 सालों में सड़कों का जाल बिछा है। रेलवे नेटवर्क में विस्तार हुआ है। युवाओं को पारदर्शित से नौकरियां मिल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सेवा ही संगठन के मूल मंत्र पर सरकार चला रहे हैं। सीईटी के लिए आवेदन करने में आ रही तकनीकी दिक्कतों पर बड़ौली ने कहा, सरकार पहले ही आवेदन के लिए दो दिन की समय सीमा बढ़ा चुकी है। युवाओं को आवेदन करने में कोई दिक्कत न हो, सरकार इसका पूरा ध्यान रख रही है। इससे पहले एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य की अध्यक्षता में केंद्र सरकार के 11 साल, पौधरोपण व बलिदान मनाने की तैयारियों लेकर हुई कार्यशाला में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, एसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व विधायक सत्य प्रकाश जरावता, प्रदेश मीडिया प्रभारी शमशेर सिंह खरक, जिला प्रभारी सतेंद्र परमार, जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका, कार्यशाला के संयोजक जवाहर सैनी, सह-संयोजक नागेन्द्र शर्मा, अभिमन्यु यादव, जसबीर दोदवा, चरणसिंह तेवतिया व निताशा सिहाग भी मौजूद रहे।