भाजपा के एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा है कि कांग्रेस की दुकान बंद हो चुकी है। उसे खोलने के लिए झूठ फैला रही है। वे शनिवार को डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस, आपातकाल को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाने और पौधरोपण अभियान लेकर हुई प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में शिरकत करने के बाद मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश संगठन मंत्री फनींद्र नाथ शर्मा भी मौजूद रहे। आर्य ने कहा कि कांग्रेस संविधान की भक्षक व भाजपा रक्षक पार्टी है। 57 साल में कांग्रेस ने 72 सरकारों को बेवजह हटाया। जबकि भाजपा ने 11 साल के कार्यकाल में एक भी सरकार नहीं गिराई। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी सत्ता बचाने के लिए देश पर आपातकाल थोपा था। साढ़े तीन लाख लोगों को जेलों में भेजकर यातनाएं दी। 72 बार चुनी गई सरकारों को बेवजह हटा दिया। भाजपा 25 जून को पूरे देश में संविधान हत्या दिवस मनाएगी। एक सवाल के जवाब में आर्य ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे बताएं कि 57 साल में कांग्रेस ने गरीबों को शौचालय तक नहीं दिया।