पानीपत। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश में धान खरीद की तैयारियों को पूरा कर लिया है। मंडी में आते ही फसल की खरीद शुरू की जाएगी। किसानों का एक-एक दाना खरीसा जाएगा। उन्होंने ये बात सोमवार को भाजपा के सेक्टर-13-17 स्थित कार्यालय श्याम कमल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि किसान अपनी धान की फसल को अच्छी तरह से सुखाकर लाएं। उनको मंडी में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो पाएगी। कृषि मंत्री ने कहा कि इस बार प्रदेश में 58 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा है। मंडियों में आवक निर्धारित लक्ष्य से अधिक होती है तो सरकार पूरा धान खरीद करेगी। मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद रही है। बाजार के उतार-चढ़ाव से किसानों को सुरक्षा देने के लिए भावांतर भरपाई योजना को भी प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में चीनी का पूरा स्टॉक है। सरकार बाजार में चीनी के दामों में वृद्धि पर नजर रखे हुए है। आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।