करनाल। श्री कर्णेश्वरम महादेव मंदिर में शनिवार को तुलसी-शालीग्राम विवाह समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। विवाह समारोह में भक्ति, संगीत और पारंपरिक रस्मों का अनूठा संगम देखने को मिला। महिलाओं ने मंगल गीतों और भजनों के बीच विवाह की रस्में निभाईं। 'मैंने मेहंदी रचाई श्याम तेरे लिए, हाथों पै लगाई श्याम तेरे लिए, ताकि सोहणी लगां अपने प्रीतम दे नाल' और 'नी मैं लावां लाइयां हारां वाले दे नाल, मुरली वाले दे नाल' जैसे भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। इस दौरान महिलाओं ने तुलसी मैया की मांग में शालीग्राम भगवान से सिंदूर भरवाने की रस्म निभाई। विवाह समारोह के लिए शनिवार दोपहर सेक्टर-8 स्थित संदीप और जानवी कंशल के निवास स्थान से भगवान शालीग्राम की भव्य बारात निकाली गई। फूलों से सजे शालीग्राम भगवान का आकर्षक शृंगार किया गया। गाजे-बाजे के साथ निकली बारात में श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते हुए मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में पहुंचने पर लड़की पक्ष की ओर से राकेश गर्ग, मीना गर्ग, मंदिर सभा के प्रधान एडवोकेट मनोज मित्तल और आरके शर्मा ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया।