जींद। ढाठरथ में 22 अक्तूबर को चचेरे भाई रिंकू उर्फ शीला पर गोली चलाने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमन और उसके साथी सुमित की शनिवार शाम सीआईए के साथ मुठभेड़ हो गई। गांव के पास नहर के नजदीक हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में सात राउंड फायर किए, जबकि आरोपियों की ओर से तीन राउंड फायर किए जाने का दावा किया गया है। पुलिस ने दोनों को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया है। 22 अक्तूबर को गांव ढाठरथ में रिंकू उर्फ शीला अपने पशुबाड़े में पशुओं का दूध निकाल रहा था। इसी दौरान जसविंद्र उर्फ धौला, उसका चचेरा भाई अमन और उनके साथी वहां पहुंचे। आरोप है कि अमन ने रिंकू पर गोली चला दी। गोली उसके दाहिने हाथ में लगी थी। मामले में पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ढाठरथ निवासी जसविंद्र उर्फ धौला, खंदराई निवासी अक्षय और दीप उर्फ माटर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार को पुलिस ने ढाठरथ निवासी साधुराम को भी गिरफ्तार किया था, जबकि मुख्य आरोपित अमन फरार चल रहा था। शनिवार शाम सीआईए को सूचना मिली कि अमन अपने साथी गोहाना के देवी नगर निवासी सुमित के साथ ढाठरथ के पास नहर के नजदीक मौजूद है। सूचना मिलते ही सीआईए टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को घेर लिया और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने सात राउंड फायर किए, जिसमें अमन की बाएं और सुमित के दाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। फिलहाल दोनों नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन हैं और पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। वर्जन बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों को गोली लगी है। ये पिछले दिनों फायरिंग के मामले में वांछित हैं। --उपासना, एसपी जींद