सफाई कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को लघु सचिवालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। जेजेपी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों की मांगों का समाधान कराने की मांग की। इस दौरान जेजेपी के जिला और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। जेजेपी के पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्ण राठी ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद अपनी मांगों को लेकर उन्हें धरने पर बैठना पड़ रहा है। सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान कर उन्हें राहत प्रदान करनी चाहिए। ज्ञापन सौंपने के बाद जेजेपी पदाधिकारी रानी तालाब पहुंचे। यहां धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों के समर्थन में उन्होंने नारेबाजी की और कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पार्टी सफाई कर्मचारियों के साथ खड़ी है और उनकी जायज मांगों को सरकार तक पहुंचाने का काम करेगी। जेजेपी नेताओं ने सरकार से मांग की कि सफाई कर्मचारियों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए, ताकि लंबे समय से चल रहे धरने को समाप्त कराया जा सके और शहर की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित न हो। इस अवसर पर सुनील रेढू, विकास जांगड़ा, कर्मवीर मोना, गुरदीप सांगवान मौजूद रहे।