हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्याम सिंह राणा ने शनिवार को बेरी अनाज मंडी का दौरा कर बाजरा व धान की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने खरीद प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए किसानों और आढ़तियों से बातचीत की और एसडीएम रेनुका नांदल ने कृषि मंत्री का स्वागत करते हुए खरीद की विस्तृत जानकारी दी। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीद प्रक्रिया पारदर्शी, सुचारू और समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए तथा किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने अनाज मंडी परिसर स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय में संबंधित विभागों और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने तथा उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंडियों में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उनकी फसल की निर्धारित नियमों के अनुसार खरीद सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। खरीद से लेकर भुगतान तक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें अधिकारी कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मंडियों में फसल खरीद के साथ-साथ उठान, भंडारण और भुगतान की व्यवस्था भी सुचारू बनी रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में आने वाले किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध समाधान किया जाए। सभी खरीद एजेंसियां निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित करते हुए आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि खरीद व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और मंडियों में फसल का अनावश्यक जमाव न होने दिया जाए। फसल का समय पर उठान सुनिश्चित किया जाए, ताकि मंडी में आने वाले अन्य किसानों को भी अपनी उपज उतारने और बेचने में सुविधा मिल सके। बुनियादी सुविधाओं और माजरा खरीद केंद्र पर दिया जोर कृषि मंत्री ने बेरी अनाज मंडी में बिजली, पेयजल, छाया, शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अटल कैंटीन की व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखने को कहा, ताकि मंडी में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा माजरा खरीद केंद्र पर भी किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को मंडियों में बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध करवाना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभाग नियमित निगरानी रखें और व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएं। आढ़तियों ने रखीं समस्याएं, समाधान का आश्वासन इस बीच आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान दलबीर सिंह ने कृषि मंत्री के समक्ष सीसी रोड बनवाने, फड़ों का निर्माण करवाने और अन्य समस्याओं को रखा। मंत्री ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और नियमानुसार समाधान करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी से संबंधित समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए सुविधाओं में सुधार किया जाए, ताकि किसानों और आढ़तियों दोनों को लाभ मिल सके। इस अवसर पर मार्केट कमेटी बेरी के चेयरमैन राजेंद्र शर्मा, नगरपालिका बेरी के चेयरमैन देवेंद्र कादयान, डीएफएससी आदित्य कौशिक, नायब तहसीलदार मनोज कुमार,मार्केट कमेटी सचिव डॉ. अमनदीप सिंह, वेयरहाउसिंग के डीएम रोहतास दहिया, हैफेड के डीएम कृष्ण श्योराण, एएफएसओ अमरजीत सिंह, एसडीओ विकास गुप्ता, एआर बिजेंद्र सुहाग, सरिता छोकर, सतीश गोच्छी, जयदीप कादयान और सतीश लाला बेरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, आढ़ती और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।