महर्षि दयानंद स्टेडियम में गीता महोत्सव का शनिवार को शुभारंभ हुआ। इसमें एडीसी जगनिवास, सीजेएम विशाल, सिटीएम नमिता सिंह, जिला परिषद चेयरमैन कप्तान बिरधाना, नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी ने शिरकत की। इस अवसर पर विभान्न विभागों ने प्रदर्शनी भी लगाई। तीन दिवसीय गीता महोत्सव में विभिन्न विभागों, सामाजिक संस्थाओं और स्वयं सहायता समूहों की भव्य प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण रही। इन प्रदर्शनियों में गीता जयंती से जुड़े आध्यात्मिक पहलुओं के साथ-साथ सरकारी योजनाओं, सामाजिक जागरूकता और स्थानीय कौशल की झलक भी देखने को मिली। जिला परिषद चेयरमैन कप्तान बिरधाना ने कहा कि गीता महोत्सव ज्ञान, कला और सामाजिक सहभागिता का बड़ा मंच है। आईपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि महोत्सव स्थल पर एक आकर्षक क्राफ्ट मेला भी लगाया गया है, जिसमें स्थानीय कारीगर, हस्तशिल्पी व स्वयं सहायता समूह अपने बनाए हुए उत्पादों की प्रदर्शनी कर रहे हैं।