खंड हिसार-1, 2 में अंडर-11 आयु वर्ग की ब्लॉकस्तरीय खेल प्रतियोगिताएं वीरवार, शुक्रवार को होंगी। लड़के और लड़कियां अलग-अलग वर्गों में हिस्सा लेंगे। टीमों को वीरवार सुबह नौ बजे आयोजन स्थल पर पहुंचना है। खंड हिसार- 1 की बीईओ अनीता ने बताया कि पीएमश्री जीजीएसएसएस मंगाली में मुकाबले होंगे जबकि बीईओ हिसार द्वितीय राकेश चराया ने बताया कि खंड स्तरीय खेलकूद जीएसएसएस धीरणवास में होंगे। इन प्रतियोगिताओं में खो-खो, कबड्डी, शतरंज, रस्साकशी, कैरम और एथलेटिक्स के मुकाबले होंगे। एथलेटिक्स में दौड़, रिले, गोला फेंक, लंबी कूद और ऊंची कूद शामिल है। नृत्य, गान, अभिनय, रागिनी, फैंसी ड्रेस और पेंटिंग जैसी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी होंगी। पेंटिंग के विषय राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण, आतंकवाद, भ्रूण हत्या और नारी शिक्षा हैं। 1 जनवरी 2016 या उसके बाद जन्मे और तीसरी से पांचवीं कक्षा के विद्यार्थी पात्र होंगे। चयनित खिलाड़ियों की सूची अगले दिन जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा होगी।