शहर के कैंची चौक स्थित संकट मोचन श्री बाला जी मंदिर में शरद पूर्णिमा महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर के पुजारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी 26 अक्तूबर सोमवार को विशेष आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान मुख्य आकर्षण विशेष खीर का प्रसाद होगा। यह खीर चित्रकूट से लाई गई जड़ी-बूटियों और बालाजी महाराज के मंत्र जाप के साथ तैयार की जाएगी। यह प्रसाद विशेष रूप से दमा, खांसी, सांस और एलर्जी के रोगियों के लिए लाभकारी माना जाता है। पुजारी ने बताया कि सायं सवा सात बजे कीर्तन शुरू होगा, जिसमें बाहर से आए कलाकार पंकज शर्मा बाबा का गुणगान करेंगे। रात 11 बजकर 33 मिनट पर खीर का भोग लगाया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य यजमान डॉ. दीपक गर्ग, गर्ग अस्पताल और सुरेंद्र जैन होंगे। उन्होंने सभी शहरवासियों से परिवार सहित पहुंचकर बालाजी महाराज का आशीर्वाद लेने और विशेष खीर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।