गांव ढाणी सांचला के खेतों में अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई करने के मामले में माइनिंग विभाग हिसार की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक बुल्डोजर मशीन और मिट्टी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लिया है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया। माइनिंग विभाग चंडीगढ़ को सूचना मिली थी कि गांव ढाणी सांचला के खेतों में ईंट भट्ठे पर इस्तेमाल के लिए अवैध तरीके से मिट्टी की खुदाई की जा रही है। सूचना में बताया गया था कि खेतों से मिट्टी निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरी जा रही है। इसके बाद माइनिंग विभाग हिसार की टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम को खेतों में एक जेसीबी मशीन से खुदाई करते हुए पाया गया, जबकि मौके पर मिट्टी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी खड़ी मिलीं। टीम ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन और दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अपने कब्जे में ले लिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कंवर सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने भी सहयोग किया। फिलहाल पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। विभाग की ओर से अवैध खनन के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।