राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय म्योंद कलां में बुधवार को नशा रोकथाम और युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति, हरियाणवी संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गीत, नृत्य व अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि नशा व्यक्ति के वर्तमान के साथ उसके भविष्य को भी बर्बाद कर देता है। इसकी शुरुआत अक्सर गलत संगत और छोटी-छोटी गलत आदतों से होती है। इसलिए विद्यार्थियों को अपने मित्रों और संगत का चयन सोच-समझकर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों में लगनी चाहिए। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत उसे पहचानने, निखारने और सही अवसर देने की है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। एसपी ने साइबर अपराधों के प्रति भी विद्यार्थियों को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी और निजी दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। संदिग्ध लिंक और फर्जी ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहें। इस अवसर पर डीएसपी नर सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक बलराज, प्राचार्य गुरलाल सिंह सहित पुलिसकर्मी, शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।