भिवानी में मंगलवार को मंगलामुखी समाज के लोगों ने पत्रकार वार्ता कर चरखी दादरी निवासी विनोद सैनी पर गंभीर आरोप लगाए। महंत महक मंगलामुखी, बुलबुल गुरु की शिष्या और उनकी चेलियों ने आरोप लगाया कि पिछले करीब एक साल से गद्दी, पैसे और वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने मामले में गहरी साजिश होने का दावा करते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। पत्रकार वार्ता में महंत महक किन्नर और अन्य पीड़ितों ने आरोप लगाया कि विनोद ने उनके डेरे पर कब्जा कर रखा है और मंगलामुखी समाज के लोगों के बीच गलतफहमियां पैदा कर आपसी विवाद बढ़ा रहा है। उनका कहना है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की जाती है और अभद्र व्यवहार किया जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति शराब पीकर उन्हें जान से मारने की धमकी देता है। पीड़ितों के अनुसार, उनके जेवर, नकदी, कपड़े और अन्य सामान भी छीन लिए गए। उन्होंने दावा किया कि उन्हें अपनी जान बचाकर वहां से निकलना पड़ा। किन्नर समाज ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। महंत महक मंगलामुखी ने कहा कि वे न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने शहर में आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई। पत्रकार वार्ता में दिल्ली, आगरा और अन्य स्थानों से आए मंगलामुखी समाज के सदस्य भी मौजूद रहे। उन्होंने पीड़ितों के प्रति समर्थन जताते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।