भिवानी। गांव गोलागढ़ में खेत में सिंचाई के पाइप बदलते समय ऊपर से गुजर रही इलेवन केवी लाइन की चपेट में आने से पूर्व सैनिक की मौत हो गई। हादसे की सूचना जूईकलां पुलिस को दी। पुलिस ने सोमवार को जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। गांव गोलागढ़ निवासी 43 वर्षीय जगजीत सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त है। हादसा उस समय हुआ जब वह खेत में गया हुआ था और पाइप इधर-से-उधर लेकर जा रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही इलेवन केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गया। जिसके कारण वह बुरी तरह से झुलस गया और उसे उपचार के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव गोलागढ़ के सरपंच प्रतिनिधि संदीप ने बताया कि मृतक जगजीत सिंह को दो लड़के हैं। उन्होंने बताया कि वह सोमवार सुबह खेत में काम करने के लिए गया था। जूई कलां पुलिस थाना के जांच अधिकारी संजय ने बताया कि गांव गोलागढ़ से बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत की सूचना मिली थी। मृतक जगजीत सिंह के शव का पोस्टमार्टम करा इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। संवाद