फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंक केवाईसी और पेंशन के नाम पर सेंध: देशभर में 22 हजार पीड़ित, दिल्ली पुलिस ने पूरा सिंडिकेट किया बेनकाब

मोबाइल पर बैंक केवाईसी अपडेट, लाइफ सर्टिफिकेट, क्रेडिट कार्ड बनवाने, बिजली-गैस कनेक्शन और क्रेडिट लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर लोगों के मोबाइल में खतरनाक एपीके फाइल डाउनलोड कराने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठगों के नेटवर्क पर दिल्ली पुलिस ने ध्वस्त किया है। पश्चिमी जिला साइबर पुलिस ने पांच दिन तक झारखंड के जामताड़ा और आसपास के इलाकों समेत बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में अभियान चलाकर 22 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी 11 अलग-अलग ठग गिरोहों से जुड़े हैं। इस नेटवर्क ने देशभर में 22,139 लोगों को निशाना बनाकर 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। गिरफ्तार आरोपियों में दो एपीके फाइल डेवलपर भी शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले 63 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, दो मैकबुक और एक टैबलेट बरामद किया है। पुलिस ने 32 संदिग्ध एपीके फाइलों की फॉरेंसिक जांच कराई है और 56 टेलीग्राम प्रोफाइल की पड़ताल की है।

पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि पांच दिन चले इस ऑपरेशन में सात टीमों के 64 पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने 11 से 15 नवंबर तक झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कई आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। ऑपरेशन में झारखंड और बिहार पुलिस का भी सहयोग लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया और मैसेजिंग एप के जरिये लोगों को संपर्क करते थे। खासतौर पर बुजुर्गों को बैंक अधिकारी बनकर फोन करते और लाइफ सर्टिफिकेट, केवाईसी अपडेट या अन्य बैंकिंग प्रक्रिया पूरी कराने का झांसा देते थे। इसके बाद व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर डाउनलोड कराते थे। फाइल इंस्टॉल होते ही आरोपियों को पीड़ित के मोबाइल का एक्सेस मिल जाता था। इसी के जरिए बैंक खाते अपने कब्जे में लेकर रकम निकालने और क्रेडिट कार्ड की लिमिट का दुरुपयोग करते थे।

इस तरीके से पकड़ा गया बड़ा नेटवर्क
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े 2080 शिकायतें राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज हैं। पुलिस ने अभियान के दौरान एक हजार से अधिक शिकायतों का विश्लेषण किया, जबकि 20 से अधिक ई-एफआईआर में सामने आए तरीके के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। आरोपियों के खिलाफ पश्चिमी जिला साइबर थाने में दो मामलों में कार्रवाई की गई है।

ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
ठग बैंक अधिकारी बनकर बुजुर्गों को फोन करते थे। उन्हें लाइफ सर्टिफिकेट, केवाईसी, क्रेडिट कार्ड, बिजली-गैस कनेक्शन या क्रेडिट लिमिट बढ़ाने का झांसा देते थे। उनकी सहमति मिलने के बाद आरोपी व्हाट्सएप पर फर्जी एपीके फाइल भेजकर डाउनलोड कराते थे। फाइल इंस्टॉल होते ही मोबाइल की संवेदनशील जानकारी और एसएमएस तक पहुंच हासिल कर लेते थे। उसके बाद पीड़ित के ओटीपी, बैंकिंग जानकारी और फोन का इस्तेमाल कर बैंक खाता साफ कर देते थे।

छापेमारी के बाद एपीके फाइल से ठगी की शिकायतों में 48.5% कमी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि साइबर ठगों की गिरफ्तारी के बाद एपीके फाइल से ठगी के मामले में गिरावट दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक ठगी के मामलों में लगभग 48.5 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। नवंबर माह के शुरुआत में 1406 शिकायतें दर्ज की गई थी, वहीं नवंबर माह में मध्य में शिकायतें घटकर 724 हो गई।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें