गुरुग्राम। बसई स्थित सरकारी स्कूल के आसपास बच्चों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के लिए सेफ स्कूल जोन विकसित किया गया है। यह गुरुग्राम का यह तीसरा सरकारी स्कूल बन गया है, जिसे इस पहल के तहत कवर किया गया है। परियोजना के तहत स्कूल के आसपास सड़क की संरचना में बदलाव करने के साथ पैदल यात्रियों के लिए अलग रास्ता और हरित क्षेत्र विकसित किए गए हैं। जिला सड़क सुरक्षा समिति (डीआरएससी) के तहत राहगिरी फाउंडेशन ने नगरो और हीरो के सहयोग से जिला प्रशासन के लिए इस परियोजना को पूरा किया है। यह सड़क नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) के अधीन आती है। परियोजना के तहत स्कूल की चारदीवारी के साथ समर्पित पैदल मार्ग बनाया गया है। कच्ची जमीन के कुछ हिस्सों को पक्के रास्ते, हरित क्षेत्र और बैठने की जगह में विकसित किया गया है। पैदल यात्रियों के क्षेत्र को वाहनों से अलग रखने के लिए पीले और गुलाबी रंग के ट्रैफिक-कैल्मिंग ब्लॉक लगाए गए हैं। इसके अलावा कर्ब, बोलार्ड और चैनलाइजेशन के जरिये वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किया गया है।