गुरुग्राम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन को पंजाब के हित में लिया गया महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह गठबंधन प्रदेश को मजबूती देने, नई दिशा प्रदान करने और लोगों के सम्मान की रक्षा करने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि दिलों का गठबंधन और प्राकृतिक साझेदारी है। इसका उद्देश्य पंजाब को विकास के पथ पर आगे बढ़ाना और प्रदेश के लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करना है। मुख्यमंत्री मंगलवार को गुरुग्राम में मीडिया कर्मियों से बात कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व की सभी हरियाणा एवं देशवासियों, विशेषकर पंजाब की संगत और प्रदेशवासियों को लाख-लाख बधाइयां एवं शुभकामनाएं दीं। यह गठबंधन पंजाब में गैंगस्टरवाद और नशे को समाप्त करने तथा गरीबों के उत्थान के लिए काम करेगा।