गाजियाबाद में सभासदों ने ऊर्जा निगम के अवर अभियंता पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए अधिशासी अभियंता कार्यालय पर जोरदार नारेबाजी करते हुए हंगामा प्रदर्शन किया। अधिशासी अभियंता ने सभासदों को जांच कर कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। नगर पालिका परिषद के कई वार्डों के सभासद शनिवार को एकत्र होकर सीकरी खुर्द रोड स्थित ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता के कार्यालय पहुंचे और जमकर हंगामा काटा। आंदोलनकारी सभासदों ने ऊर्जा निगम के एक अवर अभियंता पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए बताया कि उक्त अवर अभियंता क्षेत्र के लोगों को बेवजह परेशान कर रहा है। आरोपी अवर अभियंता जबरन लोगों के विद्युत कनेक्शन काट देता और फिर कनेक्शन जोड़ने के बदले रकम वसूली करता है। रकम वसूली बिना कनेक्शन नहीं जोड़ा जाता। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सभासदों ने बताया कि उक्त अवर अभियंता क्षेत्र में कई लोगों से कनेक्शन जोड़ने के नाम पर अवैध वसूली कर चुका है। आंदोलनकारी सभासदों ने चेतावनी दी कि अगर आरोपी अवर अभियंता के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह ऊर्जा मंत्री से मामले की शिकायत करेंगे। अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र कुमार ने आंदोलनकारी सभासदों से वार्ता कर उन्हें उन्हें निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिया। इस अवसर पर सभासद ललित त्यागी, बबलू कौशिक, वेदप्रकाश चौधरी,रजनीश चौधरी,दुष्यंत यादव और पूर्व सभासद आशीष त्यागी आदि सहित कई मौजूद थे।