नरपतगंज प्रखंड के भारत-नेपाल सीमा से सटे बसमतिया थाना क्षेत्र के भैरोगंज में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात बेकाबू हो गए। तेज रफ्तार कार की टक्कर से छह वर्षीय मासूम की मौत ने ग्रामीणों में ऐसा आक्रोश पैदा किया कि देखते ही देखते घटनास्थल रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड को जाम कर दिया और कार चालक को पकड़कर बंधक बना लिया। चालक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराने पहुंची पुलिस टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं, स्थानीय स्तर पर एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना सामने आई है...