सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के लूचकी पारा में एक नाबालिग युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। शनिवार को युवती का शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
दुर्ग सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि आरोपी और मृतका पति-पत्नी के रूप में एक साथ रहते थे। मृतका के गले में मंगलसूत्र और मांग में सिंदूर भी मिला है। दोनों के अलावा घर में कोई अन्य सदस्य नहीं रहता था। शनिवार को घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पढ़ें: सरकारी स्कूलों में अक्तूबर से शुरू होंगी ऑनलाइन लाइव कक्षाएं, मिड-डे-मील पहले शिक्षक चखेंगे
मृतका की पहचान लक्ष्मी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह नाबालिग थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी रिक्शा चलाता है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका ने पहले आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जिसके चलते आरोपी को जेल जाना पड़ा था। इसके बाद मृतका के परिजनों ने उसे घर से बाहर कर दिया था। बताया जा रहा है कि इसके बाद वह आरोपी के घर पर ही रहने लगी थी।
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या की वजह और वारदात की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।