Kashipur News: टैबलेट धांधली...सपा कार्यकर्ताओं ने दी आत्मदाह की चेतावनी; कुमाऊं कमिश्नर को भेजा ज्ञापन
काशीपुर में टैबलेट वितरण धांधली के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर सपा कार्यकर्ताओं ने कुमाऊं कमिश्नर से शीघ्र मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
विस्तार
काशीपुर में टैबलेट वितरण धांधली के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर सपा कार्यकर्ताओं ने कुमाऊं कमिश्नर से शीघ्र मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
बुधवार को राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सपा कार्यकर्ताओं और छात्रों ने कुमाऊं कमिश्नर को संबोधित ज्ञापन प्रभारी प्राचार्य डॉ. महीपाल सिंह को सौंपा। इसमें उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में बीते दिनों टैबलेट वितरण में धांधली उजागर हुई थी। सपा नेता नदीम अख्तर ने कहा कि पूरे प्रदेश में 105 राजकीय महाविद्यालयों में टैबलेट वितरण की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में करोड़ों रुपये का हेरफेर किया गया है। शीघ्र ही मामले में मुकदमा दर्ज होना चाहिए। जिन छात्र-छात्राओं को टैबलेट नहीं मिला है, उनके खाते में 12000 रुपये ट्रांसफर किए जाने चाहिए। कहा कि महाविद्यालय में सभी छात्रों को प्रवेश के लिए सीटों की संख्या में बढ़ोतरी होनी चाहिए।
ये पढ़ें- CRIME: नदी से मिला महिला का अर्द्धनग्न शव, नहीं हुई शिनाख्त; किसी अन्य जगह हत्या कर शव को यहां फेंकने का शक
अखिलेश यादव को दी मामले की जानकारी
समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष ओसियन सिंह यादव ने कहा कि कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन सरकार कोई सुध नहीं ले रही है। इस मामले को सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अवगत करा दिया है। शीघ्र ही संसद में इसकी चर्चा सुनाई देगी। नूर मोहम्मद ने कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर दो दिन बाद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इससे पूर्व उन्होंने महाविद्यालय गेट पर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया।
काजीबाग निवासी अली अनवर ने राधेहरि महाविद्यालय टैबलेट संबंधी धनराशि वितरण की सूचना मांगी थी। इसमें महाविद्यालय की गठित समिति की जांच रिपोर्ट में छात्रसंख्या, धनराशि का मिलान समेत कई अनियमितताएं उजागर हुई हैं। वहां पर पंकज धामा, दानिश चौधरी, नूर मोहम्मद, फैजान मालिक, मनीषा, नीलम आदि मौजूद रहे।