सितारगंज। पब्लिक स्कूल एसोसिएशन की बैठक में अभिभावकों की झूठी शिकायत पर रोष जताया गया। स्कूल प्रबंधकों ने निजी विद्यालयों की दिक्कतों पर चर्चा की। बैठक के बाद बीईओ सुषमा गौरव को मांगपत्र भी सौंपा गया।
शुक्रवार को एसएम पब्लिक स्कूल में हुई ऊधमसिंह नगर पब्लिक स्कूल एसोसिएशन की बैठक में जिले भर से आए कई पदाधिकारी और स्कूल प्रबंधकों ने हिस्सा लिया। प्रबंधकों ने बताया कि कोरोना महामारी में सरकार और प्रशासन की गाइडलाइन के के तहत ऑनलाइन शिक्षण कार्य किया गया। कुछ अभिभावक महामारी की आड़ में शासन के आदेश की अनदेखी कर विद्यालय प्रबंधकों के खिलाफ झूठे आरोप लगा रहे हैं। फीस न मिलने से कर्मचारियों और शिक्षकों को वेतन देने में विद्यालय प्रबंधन को आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। कहा कि योजनाबद्ध तरीके से फीस न देने के लिए अनर्गल आरोप लगाकर विद्यालय प्रबंधकों का उत्पीड़न किया जाता है। जिलाध्यक्ष नायब सिंह धालीवाल ने कहा कि शिक्षा मंत्री ने कहा है कि जो अभिभावक निजी स्कूलों की फीस देने में सक्षम नहीं वे अपने बच्चों को सरकारी स्कूल में दाखिला दिला सकते हैं लेकिन फीस नहीं देने के लिए जबरन निजी स्कूलों पर दबाव बनाया जाता है। वहां पर नगर अध्यक्ष भुवन चंद्र भट्ट, जिला सचिव राहुल अग्रवाल, सचिव पुनीत गोयल, राजेश शैली, हेमंत बोरा, संतोष गुप्ता, धर्मेद्र चौधरी, नवीन जोशी, ब्रजेश दुबे, सर्वजीत सिंह माटा, बलविंदर सिंह आदि थे।