रुद्रप्रयाग: मदमहेश्वर ट्रैक पर हादसा, नदी में नहाते समय डूबा मथुरा का युवक; कड़ी मशक्कत से निकाला गया शव
मृतक की पहचान अजय (पुत्र राधे श्याम, उम्र 26 वर्ष, निवासी भरतियाका, मथुरा, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेज दिया है।
विस्तार
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। प्रसिद्ध मदमहेश्वर पैदल ट्रैक पर गौंडार-बनतोली के समीप नदी में नहा रहा एक यात्री अचानक डूब गया। इस हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डीडीआरएफ और आपदा मित्र की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला और रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
नदी में नहाते वक्त हुआ हादसा
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को आज शाम 04:29 बजे घटना की सूचना मिली थी कि मदमहेश्वर पैदल ट्रैक पर गौंडार-बनतोली के पास एक यात्री नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
मथुरा का रहने वाला था मृतक
घटना की सूचना मिलते ही डीडीआरएफ और आपदा मित्रों की टीम तुरंत राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर रवाना हुई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए व्यक्ति को नदी से बाहर निकाला और बनतोली से अकतोली धार (रांसी) तक रेस्क्यू कर सुरक्षित पहुंचाया। दुर्भाग्यवश, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान अजय (पुत्र राधे श्याम, उम्र 26 वर्ष, निवासी भरतियाका, मथुरा, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेज दिया है।
प्रशासन की अपील
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, रुद्रप्रयाग ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सभी संबंधित अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। प्रशासन की ओर से सभी पर्यटकों और यात्रियों से अपील की गई है कि ट्रैकिंग के दौरान सावधानी बरतें और नदी-नालों में नहाने से पूरी तरह बचें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.