रुड़की: हिंदू रक्षा दल के जिला अध्यक्ष को गोली मारी, हायर सेंटर रेफर, भीम आर्मी के नेताओं पर आरोप
विशाल चौहान गंगनहर कोतवाली से देर शाम अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पनियाला गांव के पास उन पर गोली चलाए जाने का आरोप है।
विस्तार
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में हिंदू रक्षा दल के जिला अध्यक्ष विशाल चौहान को गोली मारकर हत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। गोली लगने से घायल विशाल चौहान को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि विशाल चौहान गंगनहर कोतवाली से देर शाम अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पनियाला गांव के पास उन पर गोली चलाए जाने का आरोप है। घटना की सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग गंगनहर कोतवाली पहुंच गए।
Roorkee News: भूमि पर कब्जों के खिलाफ सुराज सेवा दल का प्रदर्शन, जेएम को ज्ञापन सौंपा
घटना को लेकर भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी से जुड़े नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि एक दिन पहले भी भीम आर्मी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने विशाल चौहान के साथ मारपीट की थी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
कोतवाली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। मामले की जांच की जा रही है।