डीएम मैम: ...हमारे विद्यालय में शौचालय बनवा दीजिए, 90 किमी दूर पहुंची 10वीं की छात्रा; DM से की फरियाद
धारचूला तहसील के राजकीय इंटर कॉलेज खेला में बालिकाओं के लिए शौचालय नहीं होने से छात्राओं को काफी असुविधा होती है। इसको लेकर दसवीं की छात्रा ने जिला मुख्यालय पहुंचकर डीएम से शीघ्र समस्याओं का समाधान करने की मांग उठाई।
विस्तार
धारचूला तहसील के राजकीय इंटर कॉलेज खेला में इंटरमीडिएट में गणित, विज्ञान विषय में शिक्षक नहीं हैं। विद्यालय में बालिकाओं के लिए शौचालय नहीं होने से छात्राओं को काफी असुविधा होती है। इतना ही नहीं विद्यालय में पिछले 40 दिनों से पानी भी नहीं आया है। दसवीं की छात्रा ने जिला मुख्यालय पहुंचकर डीएम और सीईओ को विद्यार्थियों का दर्द सुनाकर शीघ्र समस्याओं का समाधान करने की मांग उठाई।
जीआईसी खेला में दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा नेहा वर्मा ने पिथौरागढ़ पहुंचकर जिलाधिकारी रीना जोशी और मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकारिया को ज्ञापन सौंपे। छात्रा ने कहा कि खेला इंटर कालेज में गणित, विज्ञान विषय के प्रवक्ता नहीं हैं। इसके चलते छात्र-छात्राओं को विज्ञान वर्ग की पढ़ाई के लिए दूसरे विद्यालयों में जाना पड़ रहा है। कई परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए गांव से पलायन कर चुके हैं। विज्ञान की पढ़ाई करने के इच्छुक कई निर्धन परिवाराें के बच्चों को मजबूर होकर कला वर्ग से ही पढ़ाई करनी पड़ रही है।
ये पढ़ें- VIRAL AUDIO:...तो उत्तराखंड में मंत्री बनाने के लिए मांगे जाते हैं 30 लाख, विधायक ने कहा- आवाज मेरी नहीं है
जीआईसी खेला में शौचालय बनाए गए हैं। शौचालयों में बाहर से बालक-बालिका नहीं लिखा गया है। शौचालयों के बाहर से इसे लिखने के निर्देश दिए गए हैं। योजना में पानी नहीं आने से पेयजल समस्या पैदा हुई थी। वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है। इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग में प्रवक्ताओं की नियुक्ति के प्रयास किए जा रहे हैं।
-अशोक कुमार जुकरिया, सीईओ पिथौरागढ़।