सड़क कटिंग का मलबा कार सवार पांच लोगों का बना काल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रांथी, लुरकोट, बोरागांव के लिए बन रही सड़क का डंप किया गया मलबा बृहस्पतिवार को कार सवार पांच लोगों की जान ले गया। बारिश के दौरान यह मलबा धारचूला-तवाघाट एनएच पर बृहस्पतिवार को दोपहर करीब 12 बजे एक कार के ऊपर जा गिरा। घटना से कुछ मिनट पहले ही एसडीएम आरके पांडे पांगला से चौथे छोटा कैलाश यात्रा दल के मृत यात्री का शव लेकर आ रहे थे। उनके सामने ही यह हादसा हुआ। उन्होंने तत्काल तहसील मुख्यालय सूचना दी। तहसील मुख्यालय से एसडीआरएफ और सेना के जवान घटनास्थल पर पहुंचे। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने धारचूला-तवाघाट मार्ग पर घटखोला के पास मलबे की चपेट में आकर कार के दबने और उसमें पांच लोगों की मौत के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। धारचूला के उपजिला मजिस्ट्रेट आरके पांडे घटना के कारणों की जांच करेंगे और मजिस्ट्रीयल जांच को दस दिन में पूरा करेंगे।
ऐलाघाट से यात्रियों को लेकर धारचूला आ रही अल्टो कार (यूके 05 टीए 1281) पर घटखोला के पास यह मलबा गिरा। इससे कार बुरी तरह पिचक गई। इसमें सवार चालक धारचूला तहसील के जुम्मा गांव निवासी विनोद विश्वकर्मा (28) पुत्र बिहारी लाल, झुशाल सिंह उर्फ प्रताप सिंह (60) पुत्र कल्याण सिंह, नेपाल के पीपलचौरी जिला दार्चुला निवासी हीरा देवी बम (36) पत्नी दिल बहादुर बम, उनके पुत्र ओमकार बम (16) और पुत्री प्रियंका बम (12) की मौत हो गई। हीरा देवी की घटनास्थल पर सांस चल रही थी, इसलिए उनको तत्काल संयुक्त चिकित्सालय लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक वह दम तोड़ चुकी थी। घटना में घायल नेपाल के चौतारी निवासी माधवी पत्नी लोक बहादुर तथा डंबरा देवी पत्नी नर बहादुर बम का संयुक्त चिकित्सालय धारचूला में डा. एमएस जायसवाल के देखरेख में इलाज किया गया। दोनों खतरे से बाहर हैं।
जिस स्थान पर यह घटना हुई, उसके ठीक ऊपर से पीएमजीएसवाई रांथी, लुरकोट, बोरागांव के लिए नई सड़क का निर्माण कर रहा है। सड़क निर्माण के दौरान निकले मलबा और पत्थरों को दूर हटाने के बजाय निर्माणाधीन सड़क के किनारे ही डंप कर दिया गया था। यह मलबा अक्सर धारचूला-तवाघाट एनएच पर गिरता रहता है। बृहस्पतिवार को यह भीषण हादसे का कारण बन गया। घटना स्थल पर एसडीएम और तहसीलदार इंद्र बहादुर मल्ल की देखरेख में राहत कार्य शुरू किया गया। पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने का खतरा होने के कारण एसडीआरएफ के जवान भी घटनास्थल पर नहीं जा सके। बाद में विधायक प्रतिनिधि नृप सिंह गर्ब्याल, त्रिलोक सिंह दानू, ईश्वर सिंह दानू, जीवन बिष्ट, मंगल सिंह ने पहाड़ी से गिर रहे मलबे की परवाह किए बिना शवों और घायलों को निकालने का काम शुरू कर दिया। एसडीआरएफ की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और भारी बारिश के बावजूद सैकड़ों लोगों ने राहत कार्य में हाथ बंटाया। थानाध्यक्ष ध्यान सिंह की अगुवाई में पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची।
विनोद की गर्भवती पत्नी अस्पताल में
धारचूला। हादसे का शिकार जुम्मा निवासी विनोद विश्वकर्मा की गर्भवती पत्नी गंगोत्री देवी धारचूला के संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती है। डॉक्टरों ने डिलीवरी की तारीख 11 जुलाई दी है। वाहन चलाकर परिवार का गुजारा करने वाले विनोद के परिवार पर अचानक संकट आ गया है। गंगोत्री का अस्पताल में ही रो-रोककर बुरा हाल है। गंगोत्री की तीन साल की बेटी है। घटना की जानकारी के मिलते ही जुम्मा की प्रधान राजेंद्री देवी, रूप सिंह, बिशन सिंह, क्षेत्र प्रमुख नेत्र कुंवर, कैलाश रावत आदि ने अस्पताल पहुंचकर गंगोत्री को सांत्वना दी। भारी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए।
शवों का पोस्टमार्टम धारचूला में होगा
पिथौरागढ़। घटखोला हादसे में मरे पांचों लोगों के शवों का पोस्टमार्टम शुक्रवार को धारचूला में किया जाएगा। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों की टीम शुक्रवार सुबह धारचूला रवाना होगी।