उत्तराखंड: टनकपुर-तवाघाट हाईवे पर हादसा, बाइक से घर लौट रहे होमगार्ड की खाई में गिरने से मौत
ढुंगातोली क्षेत्र में शुक्रवार रात खाई में गिरकर जाजरदेवल थाने में तैनात होमगार्ड जवान की मौत हो गई। शनिवार सुबह सड़क किनारे पड़ी बाइक देखने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बलुवाकोट के ढुंगातोली क्षेत्र में शुक्रवार रात खाई में गिरकर होमगार्ड के जवान की मौत हो गई। जवान जाजरदेवल थाने में तैनात था। शनिवार सुबह दुर्घटनास्थल पर सड़क किनारे पड़ी बाइक देखने के बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कनालीछीना क्षेत्र में मलान निवासी होमगार्ड जवान सुनील कुमार (29) पुत्र शंकर राम जाजरदेवल थाने में तैनात था। ढूंंगातोली निवासी कल्याण राम ने बताया कि उनका भांजा सुनील कुमार शुक्रवार शाम उनके घर से कनालीछीना के लिए बाइक से निकला। इधर, शनिवार सुबह करीब नौ बजे ढूंगातोली क्षेत्र में ग्रामीणों ने सड़क किनारे पड़ी बाइक (यूके 05डी 5392) देखने के बाद बलुवाकोट थाने में सूचना दी।
अपर उपनिरीक्षक पूरन धामी के नेतृत्व में टीम घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस टीम करीब 250 मीटर गहरी खाई से शव निकालकर सड़क तक लाई। अपर उपनिरीक्षक धामी ने बताया कि मृतक और उसकी बाइक की पहचान उसके मामा कल्याण राम ने की। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए धारचूला अस्पताल भेजा गया। प्रथम दृष्टया बाइक से छिटकर खाई में गिरने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
