हल्द्वानी। उत्तराखंड में दैवी आपदा के बाद प्रभावितों को मुआवजा नहीं देने का आरोप आप कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर लगाया है। इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने गौला पुल के पास प्रदर्शन किया।
शनिवार को पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता समित टिक्कू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मौन धारण कर धरना प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि दैवी आपदा में कई लोगों की मौत हो चुकी है, लोगों के घर टूट चुके हैं। इसके अलावा कई किसानों की फसलें बरबाद हो गई हैं। उन्होंने आपदा पीड़ितों को तत्काल मुआवजा देने, फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए प्रति हेक्टेयर पचास हजार रुपये देने और केंद्र की ओर से राज्य को अविलंब 10 हजार करोड़ की आर्थिक सहायता देने की मांग की। धरना प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष संतोष कबड़वाल, राजीव लोचन, रक्षित वर्मा, दीप पांडे, रमेश कांडपाल, निर्मला, चंद्रशेखर पांडे, दीपक पांडे, सागर पांडे आदि मौजूद रहे। (संवाद)