बारिश और आंधी-तूफान लेकर उत्तराखंड आएगा 'रॉनू'
- सूबे में 23 और 24 मई को तूफान रॉनू की वजह से होगी बारिश, आंधी और ओले
- एक से दो डिग्री गिर सकता है तापमान, राजधानी में भी बदलेगा मौसम का मिजाज
- आगामी 36 घंटे कहीं-कहीं तेज आंधी और ओलावृष्टि का मौसम विभाग का अलर्ट जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भीषण गर्मी से जूझ रहे प्रदेश वासियों के लिए अब राहत भारी बारिश और मुश्किलें पैदा करने वाली आंधी आने वाली है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 23 और 24 मई को चक्रवाती तूफान ‘रॉनू’ के सक्रिय होने की चेतावनी जारी की है। इससे न केवल प्रदेशभर में बारिश होगी, बल्कि आंधी के साथ ओले भी पड़ेंगे।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से चक्रवाती तूफान उठ चुका है। इसका असर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और जम्मू कश्मीर के साथ ही उत्तराखंड में भी नजर आएगा। उन्होंने बताया कि सूबे में 21 मई से हल्की बारिश शुरू हो जाएगी।
23 और 24 को तेज बारिश
23 और 24 मई को कई जगहों पर काफी तेज बारिश होगी। तूफान की वजह से कई जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी भी आ सकती है। कई जगहों पर ओले भी पड़ सकते हैं।
उन्होंने बताया कि बारिश की वजह से प्रदेश के तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। 24 मई के बाद रॉनू का असर कम पड़ना शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग ने फिलहाल आगामी 36 घंटे तेज आंधी और कई जगहों पर ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। राजधानी में भी बादल छाए रहेंगे, बारिश की भी संभावना है।
चारधाम यात्रा मार्गों पर रहें तैयार
चक्रवाती तूफान का असर चारधाम यात्रा मार्गों पर भी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक 21 से 24 मई तक बदरीनाथ में बादल छाए रहेंगे और बारिश भी होगी। हेमकुंड साहिब में भी बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। केदारनाथ में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और बारिश भी होगी।
गंगोत्री और यमुनोत्री में भी 24 मई तक बादल और बारिश रहेगी। हालांकि 24 मई के बाद बारिश में कमी आएगी। लिहाजा, तीर्थयात्रियों को सलाह दी गई है कि वह बारिश से बचाव की पूरी तैयारी के साथ ही चारधाम यात्रा पर जाएं।
पहाड़ी क्षेत्रों पर ज्यादा असर
चक्रवाती तूफान का पहाड़ी क्षेत्रों खासकर गढ़वाल मंडल पर ज्यादा असर रहने की संभावना है। कई जगहों पर तेज आंधी की वजह से नुकसान हो सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ में अपेक्षाकृत ज्यादा बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी इलाकों में तेज आंधी से आम की फसल को खासतौर से नुकसान हो सकता है।