धौलछीना (अल्मोड़ा)। बाड़ेछीना-सेराघाट मोटरमार्ग पर कनारीछीना के पास शनिवार की देर रात एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग ढाई सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार ऑल्टो कार संख्या यूके 01टीए-3518 बेरीनाग से अल्मोड़ा लौटते समय शनिवार की देर रात कनारीछीना और जमराडी के बीच भौरागधेरा के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
रविवार की सुबह घटनास्थल के समीप घास काटने जा रही महिलाओं ने खाई में गिरे वाहन को देखा तो लोगों को इसकी जानकारी दी। तब तक वाहन चालक दुगालखोला अल्मोड़ा निवासी दामोदर तिवारी (42) पुत्र गणेश तिवारी की मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची राजस्व पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम ने ग्रामीणों की मदद से शव को वाहन से बाहर निकाला। राजस्व निरीक्षक राजस्व निरीक्षक राजेश आर्य ने पंचानामा भर शव पीएम के लिए भेजा। जिसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि वाहन में चालक ही था। मौके पर आपदा प्रबंधन टीम आलोक वर्मा के नेतृत्व में रविंद्र सिंह मेर, भुवन कांडपाल, मनोज अधिकारी, गोविंद सिंह सतवाल, विनोद भट्ट आदि मौजूद थेे।