UP News: होटल में युवती को मारी गोली, तौलिये में लपेटकर ऑटो से पहुंचाया अस्पताल; पुलिस को बताई ये बात
Varanasi News: वाराणसी जिले में होटल में युवक और युवती ठहरे थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान युवक ने युवती तो गोली मार दी। घायल युवची को तौलिये में लपेटकर ऑटो से अस्पताल पहुंचाया। जहां अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी।
विस्तार
वाराणसी जिले के कैंट थाना क्षेत्र स्थित होटल द वेस्ट इन में ठहरे युवक और युवती के बीच शनिवार को विवाद हो गया। आरोप है कि शुभम राय ने देसी पिस्टल से गाजीपुर की हर्षिता राय को गोली मार दी। इसके बाद आरोपी बिना किसी को जानकारी दिए युवती को तौलिये में लपेटकर लिफ्ट से नीचे ले आया और ऑटो से मलदहिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।
अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी सिगरा थाने की पुलिस को दी। पुलिस ने रविवार को मामले की जांच की और आरोपी को हिरासत में ले लिया। रविवार को ही युवती की मां ने कैंट थाने में तहरीर दी और चकलोला कपसेठी निवासी शुभम राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली गई।
इसे भी पढ़ें; UP News: सड़क हादसे ने छीन ली बुजुर्ग की जिंदगी, दो बेटों को खो चुका था पिता; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पुलिस के अनुसार, आरोपी शुभम राय गाजीपुर निवासी युवती हर्षिता राय के साथ 9 अप्रैल से कैंट थाना क्षेत्र के माल रोड स्थित होटल द वेस्ट इन में ठहरा था। 11 अप्रैल की दोपहर करीब दो बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने हर्षिता को गोली मार दी। गोली युवती के गले को छूते हुए दीवार से टकराई और रिवर्स होकर उसकी पीठ में धंस गई। आरोपी ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल प्रशासन ने ही मामले की सूचना सिगरा थाने की पुलिस को दी। सिगरा पुलिस ने आरोपी के दिए गए पते के आधार पर मंडुवाडीह पुलिस को जानकारी दी, लेकिन जांच में पता गलत निकला। बाद में घटनास्थल के आधार पर मामला कैंट थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने जांच कर आरोपी की पहचान करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि दोनों एक दूसरे के करीब थे। लंबे समय से एक दूसरे को जानते थे। युवती वाराणसी के चांदपुर इलाके में किराये पर कमरा लेकर पढ़ाई करती है। 9 अप्रैल से होटल में ठहरे थे और 11 अप्रैल को विवाद हो गया।
क्या बोले अधिकारी
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। युवती खतरे से बाहर है। -अपूर्व पांडेय, एसीपी
उलझी रही तीन थानों की पुलिस
कैंट थाने को घटना की भनक तक नहीं
कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत होटल में गोली चली, आरोपी खुद युवती को लेकर अस्पताल पहुंचा, लेकिन कैंट पुलिस को घटना की भनक तक नहीं लगी। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस मलदहिया अस्पताल पहुंची। यहां जानकारी जुटाने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस आरोपी को होटल ले गई और मौके का मुआयना कराया। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।