चीनी मांझा : जैकेट, स्वेटर, मफलर को काटते हुए गर्दन तक पहुंचा कातिल मांझा, बाल-बाल बचा युवक; पड़ा निशान
Varanasi News : चोलापुर पुलिस ने क्षेत्र के जगह-जगह छापेमारी कर विभिन्न दुकानदारों के यहां प्रतिबंधित चीनी मांझा बरामद किया है जिसकी मात्रा करीब दो कुंतल बताई जा रही है। वहीं, चीनी मांझा की चपेट में आने से मच्छरहट्टा निवासी गुड्डू अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। कहीं कटा तो नहीं, लेकिन उसका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया।
विस्तार
कैंट निवासी उमेश मौर्य (38) मोहनसराय की तरफ जा रहे थे। रोहनिया बाजार में वह चीनी मांझा की चपेट में आ गए। उमेश के जैकेट, स्वेटर, शर्ट और मफलर को काटते हुए मांझा गर्दन तक पहुंच गया। गर्दन कटी तो नहीं, लेकिन उसका गहरा निशान पड़ गया।
घटना से उमेश खासे भयभीत दिखे। इससे पहले गत आठ जनवरी को केशरीपुर मोड़ पर चीनी मांझे से शिवसेवक का चेहरा कट गया था।
57 किलो चीनी मांझे के साथ 3 दुकानदार गिरफ्तार
भेलूपुर, कोतवाली और मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने रविवार को 57.5 किलो चीनी मांझे के साथ तीन दुकानदारों को गिरफ्तार किया। भेलूपुर थाने की पुलिस ने 21.5 किलोग्राम चीनी मांझा के साथ ककरमत्ता साउथ निवासी जहांगीर खान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार जहांगीर बजरडीहा में पतंग की दुकान में जानलेवा मांझा बेच रहा था। वहीं, कोतवाली थाने की पुलिस ने सप्तसागर चौकी वाली गली से घुंघरानी गली निवासी मोहम्मद जाहिद के पास से सात किलोग्राम चीनी मांझा बरामद किया है। उधर, मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने मड़ौली में डीरेका की बाउंड्री वॉल के पास से त्रिदेव कॉलोनी चांदपुर निवासी जियालाल निषाद को 29 किलोग्राम चीनी मांझा के साथ गिरफ्तार किया।
बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग
मानमंदिर घाट पर काइट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय शंकर तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी के नेतृत्व में शहर के पतंगबाजों की बैठक हुई। बैठक में चीन के जानलेवा मांझा और उसकी बिक्री का विरोध किया गया। साथ ही पतंगबाजों को चीनी मांझा से खतरों के बारे में जागरूक किया गया और उन्हें इसके खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया गया। बैठक में मौजूद लोगों ने सरकार से चीनी मांझा पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।