UP: ट्रेन की खिड़की से फंदे पर मिला युवक का शव, दो थानों की पुलिस में छह घंटे पंचायत के बाद शिनाख्त; मातम
Varanasi News: मऊ जंक्शन के वाशिंग पिट यार्ड में खड़ी ट्रेन की खिड़की से फंदे पर एक युवक का शव लटका मिला। मृतक की पहचान घोसी कोतवाली क्षेत्र के बनाफा सुल्तानपुर निवासी बलिराम यादव के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, पत्नी से विवाद के बाद वह 15 जुलाई से घर से लापता थे। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है।
विस्तार
UP News: मऊ जंक्शन के वाशिंग पिट यार्ड में खड़ी एक ट्रेन की खिड़की से बंधे फंदे पर शनिवार सुबह 32 वर्षीय युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास एक छोटा बैग मिला, जिसमें कपड़े रखे थे, लेकिन कोई पहचान पत्र नहीं होने के कारण उसकी शिनाख्त करने में करीब छह घंटे लग गए। बाद में मृतक की पहचान घोसी कोतवाली क्षेत्र के बनाफा सुल्तानपुर निवासी बलिराम यादव के रूप में हुई।
घटना के बाद मऊ कोतवाली पुलिस और जीआरपी के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर विवाद हो गया। सीमा को लेकर असमंजस की स्थिति के कारण करीब तीन घंटे तक शव फंदे पर ही लटका रहा। बाद में मामला जीआरपी क्षेत्र का होने की पुष्टि होने पर जीआरपी पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
शव की पहचान के लिए जीआरपी ने जिले के सभी थानों से संपर्क किया। दोपहर बाद बनाफा सुल्तानपुर गांव से पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान बलिराम यादव के रूप में की। मृतक के भाई ने बताया कि 15 जुलाई को पत्नी से विवाद के बाद बलिराम घर छोड़कर चले गए थे। अगले ही दिन उनका मोबाइल फोन बंद हो गया, जिसके बाद परिवार का उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।
जीआरपी थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि युवक का शव ट्रेन की खिड़की से बंधे फंदे पर लटका मिला। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना के दौरान पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर हुए विवाद ने भी कई सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो शव को घंटों तक फंदे पर लटका नहीं रहना पड़ता। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।