दंगल: काशी और भोपाल के पहलवानों के बीच 80 हजारी दंगल बराबरी पर छूटा, गाजीपुर ने दिल्ली को हराया
शरद पूर्णिमा पर वीर लोरिक व्यायामशाला में आयोजित विराट कुश्ती दंगल में 50 जोड़ी पहलवानों ने दमखम दिखाया। काशी और भोपाल के पहलवानों के बीच 80 हजारी मुकाबला बराबरी पर छूटा। दोनों ने ईरानी और चरखा दांव आजमाए, लेकिन जीत नहीं मिली। वहीं, गाजीपुर के उदयवीर ने दिल्ली के नितिन को एक मिनट में चित कर 60 हजार रुपये का इनाम जीता।
विस्तार
शरद पूर्णिमा पर वीरलोरिक व्यायामशाला गौराकला की ओर से सोमवार को विराट कुश्ती दंगल में 50 से ज्यादा जोड़ी पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाए। सबसे महंगे 80 हजार रुपये के दंगल में भोपाल निवासी के अंकित और काशी के सचिन गिरी के बीच 10 मिनट तक रोमांचक मुकाबला हुआ।
दोनों पहलवानों ने ईरानी दांव, चरखा, बहरी पट और काला जंग समेत कई दांव-पेच का प्रदर्शन कर दर्शकों को खूब रोमांचित किया, लेकिन अंत तक कोई भी पहलवान एक-दूसरे को चित न कर सका और कुश्ती बराबरी पर छूट गया।
वहीं दूसरे दंगल में गाजीपुर के उदयवीर ने दिल्ली के नितिन को सिर्फ एक ही मिनट में चित कर 60 हजार रुपये जीत लिया, जबकि दंगल के लिए 10 मिनट का समय दिया गया था। मुकाबला शुरू होते ही उदयवीर ने सधे हुए पैर काट (सिंगल लेग अटैक) दांव का बड़ी चालाकी से इस्तेमाल कर दिल्ली के नितिन को पलक झपकते ही पटक दिया। इस पर दर्शकों ने जमकर तालियां और सीटियां बजाई।
अहरक ने दिल्ली-मिर्जापुर को हराया
अहरक के आकाश ने दिल्ली के शिवम को निकाल दांव के सहारे पटकनी दी और 50 हजार रुपये की इनामी कुश्ती अपने नाम की। अगले दंगल में अहरक के अशोक ने मिर्जापुर के बिपिन को सखी दांव से चित कर 20 हजार रुपये का इनाम अपने नाम किया। दंगल का शुभारंभ पूर्व विधायक उदय लाल मौर्य और युवा नेता आकाश मौर्य ने पहलवानों का हाथ मिलाकर किया।
इस दौरान युवा नेता दीपक मौर्य, अखिलेश यादव, बमबम पहलवान, क्षमा पहलवान, राजेश उर्फ राजू प्रधान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन रामसेवक मास्टर और लालजी उर्फ झगडू भइया ने संयुक्त रूप से किया किया, जबकि सहेंद्र और भैरो ने रेफरी की भूमिका निभाई।