{"_id":"64fb6dbd4a9a6ee50e0b89a4","slug":"works-of-bangladeshs-national-poet-nazrul-will-be-translated-into-hindi-varanasi-news-c-20-vns1013-353825-2023-09-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Varanasi News: बांग्लादेश के राष्ट्रकवि नजरूल की रचनाओं का होगा हिंदी अनुवाद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Varanasi News: बांग्लादेश के राष्ट्रकवि नजरूल की रचनाओं का होगा हिंदी अनुवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
बांग्ला देश के राष्ट्रकवि नजरूल की कविताएं जल्द ही हिंदी पाठक और छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध होंगी। बंगाल में अपनी कविताओं से अंग्रेजों के खिलाफ क्रांति की अलख जगाने वाले काजी नजरूल इस्लाम की रचनाओं के अनुवाद के लिए प्रेमचंद साहित्य संस्थान लमही और आसनसोल विश्वविद्यालय के बीच समझौता हुआ है। देश भर के बांग्ला व हिंदी के विद्वान भी इसमें सहयोग करेंगे।
प्रेमचंद साहित्य संस्थान के निदेशक प्रो. सदानंद शाही और काजी नजरूल इस्लाम विश्वविद्यालय आसनसोल के कुलपति प्रोफेसर देवाशीष बंद्योपाध्याय के बीच यह समझौता हुआ है। साथ ही त्रैमासिक पत्रिका साखी और काजी नजरूल इस्लाम विश्वविद्यालय के बीच नजरूल की रचनावली के हिंदी अनुवाद की योजना पर सहमति बनी है। कुलपति प्रो. देवाशीष बंद्योपाध्याय ने कहा कि यह हमारे विश्वविद्यालय की चिर संचित अभिलाषा है। जल्दी ही दोनों संस्थाओं के बीच औपचारिक अनुबंध (एमओयू)होगा। प्रो. सदानंद शाही ने बताया कि रवींद्रनाथ ठाकुर के बाद बांग्ला के सबसे प्रसिद्ध कवि नजरूल के प्रामाणिक अनुवाद से हिंदी का अनुवाद साहित्य समृद्ध होगा। भारत और बांग्लादेश दोनों देशों में समान रूप से सम्मानित इस कवि ने हिंदू और मुसलमान समुदाय को अपनी दो आंखें कहा था। इस परियोजना में आंबेडकर शैक्षिक विश्वविद्यालय कोलकाता की कुलपति प्रो. सोमा बंद्योपाध्याय, हिंदी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय भारती, बीएचयू के प्रो. अवधेश प्रधान और डॉ. महेंद्र कुशवाहा, काजी नजरूल विश्वविद्यालय से डॉ. शांतनु बैनर्जी, डॉ. विजय कुमार साव निशांत शामिल रहेंगे।
विज्ञापन
