आपके विधायकों ने किए कितने काम : राज्यमंत्री रविंद्र, MLA सौरभ ने विकास के लिए नहीं दिया एक भी प्रस्ताव
Varanasi News : वाराणसी में हुए विकास कार्यों को लेकर अमर उजाला ने एक पड़ताल की है। यहां राज्यमंत्रियों और विधायकों ने कुछ काम तो करवाएं हैं लेकिन जिले के आठ में छह विधायकों ने ही वित्तीय वर्ष 2024-2025 सत्र में विकास कार्यों के प्रस्ताव दिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिले के आठ में छह विधायकों ने ही वित्तीय वर्ष 2024-2025 सत्र में विकास कार्यों के प्रस्ताव दिए हैं। उत्तरी विधानसभा से विधायक और राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल और कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं भेजा गया है।
सेवापुरी विधानसभा से विधायक नील रतन पटेल ने विद्युत विभाग में एक हजार विद्युत पोल के तार शिफ्टिंग के संबंध में सिर्फ एक प्रस्ताव दिया है। बाकी विधायकों ने 20 से 31 कार्यों के तक के प्रस्ताव दिए हैं। विधान मंडल क्षेत्र विकास निधि योजना ग्राम्य विकास विभाग के अनुसार अब तक जिले के छह विधायकों की ओर से 18 नवंबर तक यह प्रस्ताव मिले हैं।
राज्यमंत्री और कैंट विधायक ने कोई प्रस्ताव नहीं दिए हैं। जबकि सभी विधायकों को ढाई-ढाई करोड़ रुपये आवंटित किए जा चुके हैं।
अपना दल (एस) विधायक सुनील पटेल ने 226.82 लाख के 29 प्रस्ताव दिए। इनमें सोलर लाइट, ट्रांसफाॅर्मर, इंटरलॉकिंग रोड, सुंदरीकरण और लैपटॉप खरीदने के प्रस्ताव शामिल हैं। सबसे अधिक 23 प्रस्ताव इंटरलॉकिंग रोड के हैं। सोलर लाइट, ट्रांसफाॅर्मर के चार और सुंदरीकरण का एक और लैपटॉप खरीदने का एक प्रस्ताव दिया।
यहां से भाजपा विधायक और कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने 74.43 लाख के 30 प्रस्ताव दिए हैं। इनमें इंटरलॉकिंग रोड, सीसी रोड, हैंडपंप, चहारदीवारी और सुंदरीकरण के काम हैं।
सबसे अधिक 20 काम इंटरलॉकिंग के हैं। इसके अलावा दो सीसी रोड, दो हैंडपंप, एक नाली व सीवर कार्य व दो सौंदर्यीकरण, तीन चहारदीवारी के कार्य हैं। भाजपा विधायक टी. राम ने 69.40 लाख के 31 प्रस्ताव दिए। इनमें इंटरलॉकिंग, शौचालय, बाउंड्रीवाॅल, सोलर लाइट, एचटी लाइन के कार्य के लिए, सीसी पुलिया निर्माण, सीवर निर्माण, हाईमास्ट लाइट, इलाज के लिए, दिव्यांगों के लिए, खड़ंजा, प्रकाश व्यवस्था के प्रस्ताव दिए।
मैंने डूडा, पूर्वांचल निधि से काम कराए : सौरभ श्रीवास्तव
कैंट से भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि मेरे पास विधायक निधि से काम कराने के कई प्रस्ताव आए और मैंने वह सभी काम डूडा से कराए। कुछ काम पूर्वांचल निधि से कराए हैं। क्योंकि विधायक निधि का बजट वापस नहीं होता है अगले वर्ष में जुड़ जाता है। डूडा में आया पैसा तय समय में खर्च न होने पर वापस हो जाता है। इसीलिए मैंने डूडा से काम करा लिया।
मेरे क्षेत्र के लोगों ने कुछ बड़े कार्यों की अपेक्षा मुझसे की तो मैं विधायक निधि से कुछ बड़े काम कराऊंगा। अस्सी घाट पर बेंच का काम होना है, सामुदायिक अस्पताल और बीएचयू यूनिवर्सिटी से जुड़े कुछ काम हैं, जिन्हें विधायक निधि से कराऊंगा।
अफसरों को पत्र लिखकर कराएं काम : रविंद्र जायसवाल
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने बताया कि राज्यमंत्री होने के नाते मैंने कोई प्रस्ताव नहीं दिया है, लेकिन जिले के डीएम और कमिश्नर को पत्र के माध्यम से कई काम कराए हैं। मेरे पास जो भी कोई समस्या लेकर आता है, उस समस्या को आगे बढ़ाकर उस पर काम कराता हूं। ऐसे कई पत्र मेरे पास हैं, जिन पर लगातार कई विकास कार्य हुए हैं। अभी भी विकास कार्यों को लेकर अफसरों को संज्ञान में लाता रहता हूं।
भाजपा विधायक अवधेश सिंह ने 148.50 लाख के 19 कार्यों के प्रस्ताव दिए। इनमें इंटरलॉकिंग, सीसी रोड निर्माण, सोलर हाईमास्ट लाइट के काम हैं। इसमें सोलर हाईमास्ट लाइट के चार प्रस्ताव, 12 काम इंटरलॉकिंग से जुड़े और तीन काम सीसी रोड से जुड़े हैं।
भाजपा विधायक नीलकंठ तिवारी ने 68.88 लाख के 20 प्रस्ताव दिए। इनमें स्वागत द्वार, गली निर्माण कार्य, जिला चिकित्सालय के लिए, जीर्णोद्धार के लिए और सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव दिए हैं।
भाजपा विधायक नील रतन पटेल ने विद्युत विभाग में एक हजार विद्युत पोल के तार शिफ्टिंग के संबंध में प्रस्ताव दिया। यह काम वितरण खंड राजातालाब के मेहंदीगंज गांव में होना है।