यूपी: नवजात को डिस्चार्ज नहीं करने पर मां ने फंदे से लटक कर दी जान, पिता बोले- जिद्दी थी निक्की
बीएचयू अस्पताल में नवजात को डिस्चार्ज नहीं करने पर मां ने फंदे से लटक कर जान दे दी। बाल रोग विभाग के बगल में लगे ऑक्सीजन प्लांट के बगल में उसने फंदा लगाया। वह घर जाने और नवजात को घर ले जाने की कर जिद रही थी।
विस्तार
बीएचयू के बाल रोग विभाग के पास ऑक्सीजन प्लांट के बगल में बृहस्पतिवार को 27 साल की एक महिला ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। महिला की पहचान सोनभद्र के अनपरा में धनवाहा निवासी निक्की के रूप में हुई। बीएचयू में जन्मे नवजात को डिस्चार्ज करने से इन्कार करने पर उसने जान दी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि निक्की को सोनभद्र के लोढ़ी अस्पताल से रेफर किया गया था। 28 अक्तूबर को बीएचयू में उसे भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उसने बेटे को जन्म दिया। नवजात की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे एनआईसीयू में बेड नंबर पांच पर भर्ती कर दिया।
निक्की की सास मनसिया ने बताया कि चार नवंबर की रात निक्की डॉक्टरों से बच्चे को सौंपने और घर जाने की जिद कर रही थी। नवजात की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे डिस्चार्ज करने से मना कर दिया। कुछ दिन और अस्पताल में रखकर इलाज कराने की सलाह दी, लेकिन निक्की नहीं मानी। उसने डॉक्टरों से नोकझोंक भी की थी।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद से निक्की मानसिक रूप से तनाव में थी। बृहस्पतिवार को उसने जान दे दी। फंदे से लटकता देख बीएचयू प्रशासन को जानकारी दी गई। मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, इस मामले में देर रात को परिजन थाने पहुंचे थे।
पिता बोले, जिद्दी थी निक्की
निक्की के पिता सीताराम ने बताया कि उसकी 4 साल पहले शादी हुई थी। काफी मिन्नतों के बाद उसे बेटा पैदा हुआ था। निक्की को लग रहा था कि उसके बेटे की मौत हो चुकी है, इसलिए डॉक्टर उसे बच्चे को नहीं दे रहे हैं। वह काफी जिद्दी थी, एक बार कुछ ठान लेती या उसे चाहिए होता था तो हासिल कर ही मानती थी। ऐसे में उसने डॉक्टरों से बात कर डिस्चार्ज करने की बात कही। डॉक्टरों के मना करने पर वह गुस्सा हो गई।
अस्पताल परिसर में महिला के फंदा लगाने की सूचना मिली। पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। विश्वविद्यालय के नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। -प्रो. संदीप पोखरिया, चीफ प्रॉक्टर, बीएचयू
पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। -गौरव, एसीपी भेलूपुर