यूपी: आटे में गिरी मक्खी मारने की दवा, रोटी खाने से युवती की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मिर्जापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र के बाजार निवासी एक युवती सुबह रोटी खाने के बाद अचेत हो गई। आनन-फानन में परिजन उपचार के लिए पीएचसी ले गए। वहां से उसे मंडलीय अस्पताल भेज दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि युवती ने जिस आटे की रोटी खाई थी, उसमें मक्खी मारने की दवा गिर गई थी। दवा, दीवार में खुंटी पर टंगी थी, जो आटे में गिर गई।
हलिया क्षेत्र निवासी मुन्नू गुप्ता की पत्नी का अप्रैल माह में निधन हो गया था। इसके बाद घर के भोजन आदि की जिम्मेदारी पुत्री सुधा गुप्ता(19) पर आ गई थी। शनिवार की सुबह सुधा स्नान पूजा के बाद खाना बनाने लगी। भूख लगे होने के कारण सुधा ने सबसे पहले रोटी खा ली, इससे वह अचेत हो गई।
बेहोशी की हालत में देखकर परिजन आनन-फानन में उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए। जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ अभिषेक जायसवाल ने प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल में डॉक्टर ने सुधा को मृत घोषित कर दिया।
मृतक बेटी के पिता बाजार में ठेले पर लाई-चना बेचते हैं। उसी से परिवार का गुजर-बसर होता है। भाई कमलेश भी घटना के समय घर पर नहीं थे। ग्रामीणों की सूचना पर आनन-फानन में लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया लेकर गए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।