UP: प्रेमी से कोर्ट मैरिज के दो महीने बाद टावर पर चढ़ी महिला, बोली- पति के साथ रहना चाहती हूं; पहुंची पुलिस
Bhadohi News: भदोही के गोपीगंज में पति को बुलाने की मांग को लेकर एक विवाहिता मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस, परिजनों और स्थानीय लोगों के समझाने पर वह सुरक्षित नीचे उतर आई। पुलिस के अनुसार महिला और उसके पति के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद को लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विस्तार
गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के किशुनदेवपुर गांव में सोमवार दोपहर एक विवाहिता पति को बुलाने की मांग को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस, परिजनों और स्थानीय लोगों के समझाने पर वह सुरक्षित नीचे उतर आई। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, गोपीगंज थाना क्षेत्र की एक युवती का अपने ही गांव के दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम संबंध था। युवती के विवाह के दबाव बनाने पर युवक ने पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए कुछ समय बाद शादी करने की बात कही थी। इसके बाद युवती ने गोपीगंज थाने में शिकायत की। पुलिस की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों में समझौता हुआ और मई माह में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली।
शादी के बाद दंपती करीब दो माह तक मुंबई में साथ रहा। आठ जुलाई को विवाहिता गांव लौट आई और एक रिश्तेदार के यहां रहने लगी। वह लगातार अपने पति को गांव बुलाने की मांग कर रही थी। सोमवार को वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय भी पहुंची, जहां उसे आश्वासन दिया गया कि यदि दो दिनों के भीतर उसका पति नहीं आता है तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके बावजूद दोपहर में वह किशुनदेवपुर स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और हंगामा करने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस, स्थानीय लोगों और परिजनों ने काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आई।
बताया जा रहा है कि ससुराल पक्ष विवाहिता को अपने घर रखने के लिए तैयार है, लेकिन वह अपने पति के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी है। इसी विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया। प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।