चंदौली में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, शव गंगा में फेंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को गंगा में फेंक दिया। मामला चहनियां क्षेत्र के टांडाकला गांव का है। युवक के गायब होने की सूचना के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो मामले का खुलासा हुआ। पत्नी सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। उधर, गोताखोरों की मदद से गंगा में शव की तलाश की जा रही है।
टांडाकला गांव निवासी अरुण शर्मा (27) पुत्र बालचंद शर्मा टांडाकला बाजार में होम्योपैथिक दवा की दुकान चलाता था। सात वर्ष पहले उसकी शादी गाजीपुर के रौजापर गांव के गुलाब शर्मा की पुत्री प्रियंका से हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। प्रियंका ने 31 जनवरी को परिवार वालों को बताया कि शनिवार की शाम सात बजे पति घर से निकले लेकिन अब तक नहीं लौटे। इस पर अरुण के बड़े भाई विनोद शर्मा ने थाने में भाई के गुमशुदगी की तहरीर दी और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने प्रियंका से बात की तो वह सही ढंग से पति के गायब होने के बारे में नहीं बता पाई।
पत्नी ने स्वीकारी हत्या की बात
शक होने पर जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो प्रियंका ने गांव के ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। बताया कि उसने पति को नींद की दवा खिलाकर अचेत कर दिया। इसके बाद गला रेत कर हत्या कर दी। शव को कंबल में लपेट कर सैदपुर के समीप गंगा में फेंक दिया। पुलिस ने सोमवार की सुबह गोताखोरों की मदद से अरुण की तलाश शुरू कर दी लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चला। पुलिस प्रियंका के साथ गांव के ही चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं अरुण की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा है। अरुण के तीन बच्चों में लाले (6), जूजू (2) और आठ माह का गुड्डू इस बात से अंजान है कि उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं और मां ने ही उनकी हत्या कर दी है।
इस संबंध में सीओ भुवनेश चिकारा ने बताया कि महिला ने पति की हत्या कर शव को गंगा में फेंकने की बात स्वीकार की है। शव की तलाश करते हुए जांच की जा रही है। अभी परिवार वालों की तरफ से हत्या संबंधी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस अपनी तरफ से जांच कर रही है।