Ramadan 2023: कब रखा जाएगा रमजान का पहला रोजा, 22 और 23 मार्च की तारीख पर कन्फ्यूज हुए लोग, पढ़ें ये खबर
रमजाम इस्लामिक कैलेंडर का पाक महीना होता है। इसमें पूरे महीने रोजा रखे जाते हैं। चांद दिखाई देने के अगले दिन रोजेदार रोजा रखते हैं। इस बार रमजान का पहला रोजा कब रखा जाएगा। पढ़ें जानकारों ने क्या कहा ?
विस्तार
मुकद्दस माह-ए-रमजान का चांद बुधवार को दिखा तो गुरुवार से पाक रमजान की शुरुआत हो जाएगी। इसके साथ ही बुधवार से मस्जिदों में तरावीह की नमाज भी शुरू हो जाएगी। फिलहाल बुधवार की शाम मगरिब की नमाज के बाद चांद कमेटी की ओर से इसका एलान होगा। रमजान के मद्देनजर मुस्लिम इलाकों में चहल पहल शुरू हो गई है। मंगलवार को सहरी और इफ्तार के लिए सामानों की खरीदारी भी होती रही। मस्जिदों में भी तरावीह की नमाज की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाता रहा।
नई सड़क स्थित लंगड़ा हाफिज मस्जिद में बुधवार शाम को इज्तेमाई रुय्यते हेलाल कमेटी की बैठक मौलाना जकीउल्लाह कादरी की सदारत में होगी। इसमें मुफ्ती-ए-बनारस मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी, मौलाना हारून रशीद नक्शबंदी और मौलाना अब्दुल्लाह नासिर आदि चांद की तस्दीक होने के बाद एलान करेंगे। मौलाना हारून रशीद नक्शबंदी ने बताया कि बुधवार को चांद की तस्दीक हुई तो बृहस्पतिवार को पहला रोजा होगा। अगर तस्दीक नहीं हुई तो पहला रोजा शुक्रवार से शुरू होगा।
उधर, मस्जिदों, इबादतगाहों व मदरसों में तरावीह की नमाज की तैयारी शुरू हो गई। प्रबंध कमेटियां सफाई के साथ ही पानी, प्रकाश, चटाई, टोपी आदि की व्यवस्था करने में लगी रहीं। वहीं, घरों में भी रमजान को लेकर तैयारी शुरू हो गई। दालमंडी, बेनियाबाग, बड़ी बाजार, कज्जाकपुरा, मदनपुरा, बजरडीहा आदि इलाकों में सजी दुकानों पर खजूर, दूधफेनी, बेसन, चना, ब्रेड, फल आदि की खरीदारी हुई।
चांद देखें तो इमाम व मुफ्ती को बताएं
शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि बुधवार (29 शाबान) को रमजान का चांद होने की संभावना है। उन्होंने मुसलमानों से अपील की है कि अगर वे बुधवार शाम को चांद देखें तो इसकी सूचना अपने मस्जिद के इमाम, मुफ्ती व काजी को जरूर दें।
बिजली व पेयजल आपूर्ति की मांग
महानगर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष फसाहत हुसैन व अल्पसंखयक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हसन मेहंदी कब्बन ने जिला प्रशासन से रमजान को देखते हुए शहर में साफ-सफाई और बिजली व पेयजल की आपूर्ति की मांग की है।
सामग्री मूल्य रुपये व किलो में
खजूर 120-800
सेवई 100-250
दूध फेनी 160-260