BHU कैंपस: बाथरूम का टूटा शीशा तो वार्डन ने छात्रावास से निकाला, सात महीने से भटक रहे छात्र ने शुरू किया धरना
बीएचयू में भगवान दास छात्रावास के बाथरूम का शीशा टूटने पर वार्डन ने एलएलबी के छात्र को छात्रावास से बेदखल कर दिया। सात माह बाद छात्र ने अपने साथियों संग कुलपति आवास के बाहर धरने पर बैठ गया।
विस्तार
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में भगवान दास छात्रावास के बाथरूम का शीशा टूटने पर वार्डन ने एलएलबी के छात्र को छात्रावास से बेदखल कर दिया। सात माह से न्याय की गुहार लगा रहे छात्र की जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो छात्र अपने साथियों के साथ कुलपति आवास के बाहर धरने पर बैठ गया। छात्रों ने कहा कि जब तक उनका पक्ष नहीं सुना जाएगा, वे धरना देते रहेंगे।
सोमवार को भगवान दास छात्रावास में रहने वाले एलएलबी के छात्र कुलपति आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे छात्र अवधेश देव पांडेय (एलएलबी चतुर्थ सेमेस्टर) ने बताया कि हाॅस्टल में कमरा नंबर 75 उसको आवंटित था। 24 नवंबर 2022 को वार्डेन ने कार्यालय में बुलाकर छात्रावास से निष्कासित किए जाने का आदेश दे दिया।
कारण पूछने पर बताया कि 23 नवंबर 2022 की रात में जन्मदिन की पार्टी में एक छात्र ने शराब पीकर छात्रावास में हंगामा किया और इस दौरान बाथरूम का शीशा टूट गया। छात्र अवधेश पांडेय ने बताया कि वार्डन ने उसकी बात नहीं सुनी और एक पक्षीय कार्रवाई करते हुए छात्रावास से बाहर कर दिया।
छात्र का कहना है कि पिछले सात महीने से वह कुलपति सहित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे रहा है, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। थक हारकर अपने साथियों के साथ कुलपति आवास के बाहर न्याय के लिए धरना देना पड़ा। धरने की सूचना पर पहुंची प्राॅक्टोरियल बोर्ड की टीम ने छात्र को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र ने कहा कि अगर उसके साथ न्याय नहीं हुआ तो वह धरने पर बैठा रहेगा।